पहले चरण के चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया : अभिषेक

पहले चरण के चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया : अभिषेक
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि पहले चरण के चुनाव में ही भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। उन्होंने बताया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने सभी बूथों की सुरक्षा सुनिश्चित की है और वे स्वयं भी लगातार उनके संपर्क में रहे। “सुबह पांच बजे से ही मेरा कार्यालय कंट्रोल रूम से जुड़ा हुआ था। पहले चरण में कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की। मटियाब्रुज के कर्बला पिंक स्क्वायर में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा के नेता “प्रवासी नेताओं” की तरह राज्य छोड़कर चले जाएंगे और उनका दिखना मुश्किल हो जाएगा। यह सभा तृणमूल उम्मीदवार अब्दुल खालेक मोल्ला के समर्थन में आयोजित की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने SIR के माध्यम से महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार और दिल्ली में सत्ता हासिल की है और उसी तर्ज पर बंगाल में भी दखल देने की कोशिश कर रही थी। लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा की रणनीति को समझते हुए उसके “बंगाल पर कब्जे” के सपने को नाकाम कर दिया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल में हुए विकास कार्यों की तुलना में केंद्र में 12 साल से सत्ता में बैठी भाजपा कोई खास उपलब्धि नहीं दिखा पाई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया में जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, उनके पास भाजपा का कोई नेता मदद के लिए नहीं पहुंचा, जबकि तृणमूल के पार्षदों और नेताओं ने उनकी सहायता की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिनका नाम मतदाता सूची से हट गया है, वे चिंता न करें। बंगाल में चौथी बार तृणमूल सरकार बनने पर उनके नाम फिर से जोड़े जाएंगे। अभिषेक बनर्जी ने कहा, “यह बंगाल हमारा है, यह बंगाल बंगालियों का है।” उन्होंने भाजपा को “बंगाल विरोधी” बताते हुए आरोप लगाया कि अन्य राज्यों में बंगालियों को बांग्लादेशी कहकर प्रताड़ित किया जाता है। सभा के दौरान उन्होंने मटियाब्रुज के लोगों की देशभक्ति की सराहना की और तृणमूल उम्मीदवार को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जिताने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 मई के बाद बंगाल में चौथी बार तृणमूल सरकार बनेगी। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता 29 अप्रैल को मतदान के जरिए इसका जवाब देगी और तृणमूल के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस कभी झुकेगी नहीं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in