

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भाजपा धर्म की राजनीति करती है और यह एक जुमलेबाज पार्टी है। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बिष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार दिलीप मंडल के समर्थन में पईलान के दौलतपुर युवा संघ क्लब मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव बंगाल के अस्तित्व की लड़ाई का चुनाव है। भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे प्रवासियों की तरह केवल चुनाव के समय ही यहां आते हैं। भाजपा उम्मीदवारों के “मछली प्रेम” पर तंज कसते हुए अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “चुनाव के बाद इनसे मछली कटवाऊंगा।” मछली को लेकर विवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक टिप्पणी से हुई थी। बंगाल दौरे के दौरान हल्दिया में आयोजित एक चुनावी सभा में उन्होंने राज्य की मत्स्य नीति की आलोचना की थी। इसके जवाब में तृणमूल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में मछली-मांस (खासकर आमिष भोजन) की बिक्री पर कई तरह की पाबंदियां लगाई जाती हैं। इन आरोपों को खारिज करने के लिए भाजपा उम्मीदवार अब मछली के साथ प्रचार कर रहे हैं। सभा में अभिषेक ने कहा, “2021 में जिन्होंने विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी थी, वही आज रोहू, कातला और इलिश लेकर सड़कों पर घूम-घूमकर प्रचार कर रहे हैं। बदलाव आया है। जो बंगाल को बदलने आए थे, वे खुद बदल गए। जो हमें सिखाने आए थे, बंगालियों ने उन्हें दिखा दिया कि बंगाल क्या है।”
अमित शाह पर भी साधा निशाना
अभिषेक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा, “गुजरात से गुंडे आकर धमकी दे रहे हैं। मैं अमित शाह से कहता हूं कि 4 तारीख की शाम बंगाल में रहिए, मुलाकात होगी। नतीजे आने के बाद उनका चेहरा देखना चाहता हूं।”इसके अलावा, अभिषेक बनर्जी ने बजबज विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार अशोक देव के समर्थन में चड़ियाल मोड़ से पुजाली पेट्रोल पंप तक रोड शो किया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी।