सोनारपुर कांड: अभिषेक पर हमले में 11 लोग चिह्नित

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

कोलकाता : सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर 11 अभियुक्तों की पहचान कर ली है। तृणमूल कांग्रेस द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में दावा किया गया है कि इनमें से अधिकांश का संबंध भाजपा से है। पार्टी का आरोप है कि विभिन्न वीडियो फुटेज की जांच में पुलिस को भी इस संबंध के संकेत मिले हैं। जिन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है, उनके नाम सुष्मिता दत्त, तियासा विश्वास, बापी माझी, अभिजीत विश्वास, कृष्णेंदु सरकार, अमित बंद्योपाध्याय, सुमन दत्त, सुदीप हालदार, आकाश गायेन, नीलांजन सरकार व एक अन्य हैं। जानकारी के मुताबिक शनिवार को सोनारपुर में अभिषेक के खिलाफ हुए व्यापक विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई थी कि यह तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी असंतोष का परिणाम हो सकता है। हालांकि, सोमवार को तृणमूल द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा गया कि अभियुक्त भले ही अतीत में विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब रहे हों, लेकिन वर्तमान में उनकी राजनीतिक पहचान भाजपा से जुड़ी हुई है और वे पार्टी के विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। तृणमूल ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती जा रही थी, इसके बावजूद पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की। पार्टी ने बारुईपुर जिला पुलिस अधीक्षक और सोनारपुर थाने के प्रभारी (आईसी) को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in