आम लोगों को अपने आसपास पेड़ लगाने चाहिए : स्मिता

आम लोगों को अपने आसपास पेड़ लगाने चाहिए : स्मिता
Published on

कोलकाता : पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखने के लिए आम लोगों को अपने आसपास अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। पेड़ न केवल वातावरण को शुद्ध रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि बढ़ते प्रदूषण और गर्मी से भी राहत दिलाने में सहायक होते हैं। यह बात कोलकाता नगर निगम की प्रशासक एवं नगर आयुक्त स्मिता पांडेय ने सोमवार को टाउन हॉल में आयोजित ‘स्वच्छ वायु दिवस’ (नीले आकाश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस) कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान कही। कार्यक्रम का आयोजन कोलकाता नगर निगम के परिवेश एवं हेरिटेज विभाग की ओर से किया गया। इस अवसर पर स्मिता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और आसपास की जगहों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण और प्रदूषण के बीच पेड़-पौधे शहर के पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिक संख्या में पेड़ लगाए जाने से वायु प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ लोगों को गर्मी और प्रदूषण से राहत मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों से पहुंचे बच्चों को भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वायु के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की अपील की गई। कार्यक्रम में कोलकाता नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in