नेहा ,सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता एयरपोर्ट में 3 दिसंबर के संकट के एक हफ्ते बाद भी उड़ानों और यात्रियों की संख्या 2 दिसंबर की पूर्व-संकट स्थिति से करीब 7 प्रतिशत कम है। इंडिगो ने भले ही कहा हो कि उसके ऑपरेशन सामान्य हो चुके हैं, लेकिन अब तक बहाल नहीं हुई दर्जनभर उड़ानें ही इस कमी की वजह बनी हुई हैं। एयरपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, 10 दिसंबर को 337 उड़ानों में 55,162 यात्रियों ने यात्रा की। घरेलू सेक्टर में 23,507 यात्री 142 उड़ानों से पहुंचे, जबकि 24,390 यात्री 150 उड़ानों से रवाना हुए। अंतरराष्ट्रीय सेक्टर में 3,781 यात्री आए और 3,484 यात्री विदेश के लिए रवाना हुए। वहीं 2 दिसंबर को कुल 59,592 यात्रियों ने 363 उड़ानों के जरिए सफर किया था। उस दिन घरेलू सेक्टर में 26,520 यात्री 160 उड़ानों से पहुंचे और 27,186 यात्री 162 उड़ानों से गए। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 2,989 यात्री आए थे और 2,897 यात्री गए थे।
एक एयरपोर्ट अधिकारी के मुताबिक : कमी सिर्फ घरेलू सेक्टर में है। अंतरराष्ट्रीय यात्री संख्या तो बढ़ी है, क्योंकि संकट के दौरान भी इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द नहीं की थीं।”इंडिगो कोलकाता से बैंकॉक, फुकेट, सिंगापुर, ग्वांगझू, हो ची मिन्ह सिटी और हनोई के लिए उड़ानें चलाता है। जब इंडिगो लड़खड़ा रहा था, तब अन्य एयरलाइंस ने नियमित सेवाएं जारी रखीं। एयर इंडिया ने कुछ दिनों पर बड़ी वाली विमान तैनात किए ताकि ज्यादा यात्रियों को ले जाया जा सके। “औसत लोड फैक्टर लगभग समान रहा। 2 दिसंबर को प्रति उड़ान 164 यात्री थे। 10 दिसंबर को यह 163 था। दरअसल, उड़ानों में लोड बढ़ा है, लेकिन आंकड़ों में दिख नहीं रहा क्योंकि A320 (190 सीटें) की उड़ानें कम हो गई हैं, जबकि ATR (72 सीटें) की संख्या में कोई अंतर नहीं आया।
संकट का सबसे खराब दिन 5 दिसंबर था : जब 226 उड़ानों में सिर्फ 33,702 यात्रियों ने यात्रा की। यह 2 दिसंबर की तुलना में 137 उड़ानें और 25,890 यात्री कम थे। घरेलू यात्रियों की संख्या आधी होकर 27,065 रह गई। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय सेक्टर में उस दिन 7,060 यात्रियों ने यात्रा की, जो 2 दिसंबर (5,886) से ज्यादा था। इसी वजह से कुल कमी थोड़ी कम दिखी। दूसरा सबसे खराब दिन 4 दिसंबर था, जब 297 उड़ानों में 47,313 यात्रियों ने सफर किया। 6 दिसंबर को स्थिति सुधरी और 278 उड़ानों में 43,746 यात्रियों ने यात्रा की। एक अन्य अधिकारी के अनुसार, “ इंडिगो की ज्यादातर उड़ानें अब सामान्य हो चुकी हैं। अन्य एयरलाइंस पर कोई असर नहीं पड़ा। DGCA स्थिति की निगरानी कर रहा है और उम्मीद है कि IndiGo के ऑपरेशन 11 दिसंबर को संचालित 206 उड़ानों से और बेहतर होंगे।”
मुख्य बातें
1. कोलकाता एयरपोर्ट 7% पीछे, इंडिगो की 12 उड़ानें अब भी गायब
2. 363 से 337 उड़ानें : कोलकाता का ट्रैफिक अब भी घटा हुआ
3. यात्रियों की संख्या 59,592 से गिरकर 55,162
4. एक हफ्ते में 25,890 यात्रियों की गिरावट का असर अब भी बरकरार
5. 160 से 142 घरेलू उड़ानें : इंडिगो की कमी से सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित