लोक भवन में बनेगी अनोखी गौशाला, तैयार हो रही विस्तृत योजना

राज्य सरकार, पशु संसाधन विकास विभाग और KMC के साथ मिलकर बनेगी DPR
Kolkata
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता: कोलकाता के ऐतिहासिक लोक भवन (पूर्व राजभवन) परिसर में गौशाला स्थापित करने की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहर में राज्यपाल के आधिकारिक आवास के भीतर बनने वाली यह अपनी तरह की पहली गौशाला होगी।

प्रस्ताव को लेकर संबंधित विभागों के बीच विचार-विमर्श शुरू हो गया है और जल्द ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी।

27 एकड़ के परिसर में होगी सुविधा

ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन काल में वर्ष 1803 में निर्मित यह ऐतिहासिक भवन 1858 में भारत में ब्रिटिश साम्राज्य के शासन की शुरुआत के बाद वायसराय का आधिकारिक आवास बना। वर्ष 1911 में देश की राजधानी कलकत्ता से नई दिल्ली स्थानांतरित होने के बाद यह बंगाल (अब पश्चिम बंगाल) के गवर्नर का आधिकारिक निवास बन गया।

हाल ही में इसका नाम बदलकर लोक भवन रखा गया है। लगभग 84,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाली इस भव्य इमारत और इसके करीब 27 एकड़ विस्तृत परिसर में अब गौशाला विकसित करने का प्रस्ताव है।

जानी-मानी नस्लों की गायों को रखने की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित गौशाला के लिए पिछले सप्ताह लोक भवन में प्रारंभिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लोक भवन प्रशासन, राज्य पशु संसाधन विकास विभाग और कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने भाग लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, गौशाला में विभिन्न प्रसिद्ध नस्लों की गायों को रखने की योजना है। संबंधित विभागों और हित धारकों से चर्चा के बाद परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in