मारवाड़ी संस्कृति मंच के ऐतिहासिक भावपूर्ण होली महोत्सव में गीतों की रसवर्षा

श्रीबांके बिहारी जी के दर्शन से सम्मोहित हुए दर्शक
मारवाड़ी संस्कृति मंच के ऐतिहासिक भावपूर्ण होली महोत्सव में गीतों की रसवर्षा
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : साल्टलेक की हृदय स्थली करुणामयी स्थित सेंट्रल पार्क की सांस्कृतिक फिज़ा मारवाड़ी संस्कृति मंच द्वारा आयोजित होली महोत्सव में सचमुच ब्रज की रंग-रागिनी में डूबी नजर आई, कोलकाता में पहली बार निर्मित वृंदावन के विश्वप्रसिद्ध श्रीबांके बिहारी जी मंदिर की प्रतिकृति को देखने, पूजा-अर्चना करने हजारों की भीड़ उमड़ी। वातावरण में गुलाल की सुगंध थी, मंच पर सजे रंग-बिरंगे पुष्प, और श्रोताओं के चेहरों पर उमंग की चमक—सब मिलकर मानो बरसाने और नंदगांव की स्मृतियों को सजीव कर रहे थे।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, और फिर जैसे ही वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध गायक ध्रुव शर्मा और स्वर्णाश्री ने अपनी मधुर आवाज़ में “अरी सखी आज रंग बरसे” का आलाप छेड़ा, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। ब्रज की पारंपरिक होरी, फाग और कृष्ण-राधा के स्नेहिल संवादों से सजी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। “श्याम रंग में डूबा मन” और “फागुन आयो रे” जैसे गीतों पर लोग स्वयं को थिरकने से रोक नहीं पाए।

कार्यक्रम में फूलों की होली ने विशेष आकर्षण बटोरा। रंगों के स्थान पर पुष्पों की वर्षा के बीच जब कलाकारों ने सामूहिक प्रस्तुति दी, तो पूरा सभागार “राधे-राधे” के जयघोष से गूंज उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग के लोग इस सांस्कृतिक उत्सव में समान रूप से सहभागी बने।

मंच के संस्थापक अध्यक्ष ललित प्रहलादका, चेयरमैन ललित बेरीवाला और सचिव विकास पोद्दार ने कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि मनों को जोड़ने का पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से मारवाड़ी समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा रहता है और नई पीढ़ी को परंपराओं का सजीव परिचय मिलता है।

पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाल ने संस्थापक अध्यक्ष ललित प्रहलादका को फोन कर अपने संदेश में कहा कि कोलकाता में श्रीबांके बिहारी जी मंदिर को आवाहित कर देवलीन श्याम सुंदर बेरीवाला के सपनों को साकार कर मंच ने उनका उचित सम्मान किया है।

कार्यक्रम में राज्य के मंत्री एवं स्थानीय नेता सुजीत बोस, विधाननगर नगरनिगम के चेयरमैन सव्यसाची दत्त, मेयर कृष्णा चक्रवर्ती, उप-मेयर अनिता मंडल, मेयर परिषद की सदस्य तुलसी सिन्हा राय समेत महानगर के कारोबार और सामाजिक क्षेत्र के अनेकों गणमान्य व्यक्तित्व की मौजूदगी रही।

आयोजन को सफलतापूर्वक संपादित करने के लिए मंच के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी जी-जान से जुटे रहे जिनमें अरुण भुवालका, रमेश बागला, महावीर बंका, दीपक संघई, दिनेश संचेती, संजय अग्रवाल, आदित्य मूंधड़ा, दीपू शर्मा, अंजनी धानुका, अंकित प्रहलादका, अनुज जालान, परीक्षित गुप्ता, बिनोद कुमार अग्रवाल, विजय चांदगोठिया, कमल अग्रवाल आदि प्रमुख थे। आदित्य काबरा और विशाल मोहता ने साज-सज्जा-स्वर को भव्य बनाने में रौशनी के प्रभाव का बेहतरीन संयोजन किया। समयानुकूल केशरिया ठंडाई झरिया पकौड़ी और राजस्थानी व्यंजनों ने भी आयोजन को रसपूर्ण बनाया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in