

5 घंटे की देरी, यात्रियों को दी गई केवल चिप्स और कुकीज
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के रहने वाले रिथम भट्टाचार्य ने इंडिगो एयरलाइंस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने फ्लाइट में हुई 5 घंटे की देरी और उसके दौरान कर्मचारियों के गैर-पेशेवर व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई। रिथम ने 6 जनवरी को हुई इस घटना का वीडियो साझा करते हुए इसे "बेहद खराब अनुभव" बताया।
यह है मामला
भट्टाचार्य ने अपने लिंक्डइन पोस्ट में बताया कि कोलकाता से चेन्नई (सीसीयू-एमएए) के लिए इंडिगो फ्लाइट 5 घंटे की देरी से चली। इस दौरान यात्रियों को सिर्फ एक चिप्स और एक कुकीज का पैकेट दिया गया। यात्रियों को पूरे समय विमान में ही बैठने के लिए मजबूर किया गया, जो बेहद असुविधाजनक था।
उन्होंने फ्लाइट के कर्मचारियों पर भी बदतमीजी और गैर-सहयोगात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। भट्टाचार्य ने कहा, "कैबिन क्रू, खासकर 'एरम और उनकी टीम', ने बिल्कुल भी मदद नहीं की। उनका व्यवहार यात्रियों के प्रति बेहद रूखा और असहयोगात्मक था।"
यात्रियों की नाराजगी
भट्टाचार्य ने इंडिगो पर अपने ग्राहकों की संतुष्टि को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "इंडिगो का फोकस केवल लो-कॉस्ट एयरलाइन बनने पर है, जबकि ग्राहक सेवा को पूरी तरह अनदेखा किया जा रहा है। मैं उम्मीद करता हूं कि एयरलाइन अपनी सेवाओं को बेहतर बनाएगी और ग्राहकों के अनुभव को प्राथमिकता देगी।"
इंडिगो की प्रतिक्रिया
भट्टाचार्य के पोस्ट के वायरल होने के बाद इंडिगो ने माफी मांगते हुए प्रतिक्रिया दी। एयरलाइन ने कहा, "यह ऐसा अनुभव नहीं है जो हम अपने ग्राहकों को देना चाहते हैं। कृपया हमें आपसे संपर्क करने का समय दें।" इंडिगो ने फ्लाइट की देरी का कारण कोलकाता में खराब मौसम को बताया। एयरलाइन ने कहा, "हमने यात्रियों को जानकारी देने के लिए यात्रा एडवाइजरी और नोटिफिकेशन भेजे। फ्लाइट में पानी और रिफ्रेशमेंट्स भी समय-समय पर उपलब्ध कराए गए थे।"