अभिषेक बनर्जी से जुड़े संपत्तियों का KMC की टीम करेगी सर्वे

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद हरिश मुखर्जी रोड और कालीघाट रोड स्थित परिसरों की होगी जांच
Kolkata
अभिषेक बनर्जी की संपत्तियों का KMC टीम करेगी सर्वे
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़ी संपत्तियों का कोलकाता नगर निगम जल्द ही भौतिक सर्वे करेगा। यह कार्रवाई हाल ही में हुई सुनवाई के बाद की जा रही है, जिसमें निगम अधिकारियों को संबंधित परिसरों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।

प्राप्त जानकारी केे अनुसार केएमसी का भवन विभाग सबसे पहले हरिश मुखर्जी रोड स्थित 'शांतिनिकेतन' भवन का ऑन-साइट सर्वे करेगा। यह संपत्ति अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार अथवा उनकी कंपनी के स्वामित्व या सह-स्वामित्व से जुड़ी बताई जाती है। इसके अलावा कालीघाट रोड स्थित अन्य संपत्तियों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

सर्वे के दौरान अधिकारी भवनों के निर्माण, स्वीकृत नक्शे और वास्तविक निर्माण की स्थिति का मिलान करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रक्रिया कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चल रही है। इससे पहले केएमसी ने कथित भवन नियम उल्लंघन के मामले में अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कई संपत्तियों को नोटिस जारी किए थे और संबंधित पक्षों की सुनवाई भी की थी।

अब भौतिक सर्वे के आधार पर निगम अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसके बाद आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, अभिषेक बनर्जी की ओर से पहले ही कहा जा चुका है कि सभी निर्माण कार्य कानून के अनुरूप किए गए हैं और आवश्यक दस्तावेज संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।

दूसरी ओर, केएमसी का कहना है कि सर्वे का उद्देश्य केवल तथ्यों का सत्यापन करना और भवन नियमों के अनुपालन की जांच करना है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in