

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर के मादूरदह इलाके में स्थित अर्बन सबूजायन कॉम्प्लेक्स में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती एक अनोखे और प्रेरणादायी तरीके से मनाई गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 129 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी के नाती चंद्र कुमार बोस द्वारा पहले पौधे के रोपण से हुई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नेताजी स्वामी विवेकानंद के परम भक्त थे।
जब भी उनका मन व्यथित होता था, वे घंटों दक्षिणेश्वर मंदिर में साधना करते थे, लेकिन उन्होंने कभी धर्म को राजनीति का माध्यम नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि आज कुछ राजनीतिक दल धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जो अनुचित है। कार्यक्रम में कॉम्प्लेक्स के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सिट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता, क्विज और फैशन शो का आयोजन किया गया, जिनका विषय देशभक्ति पर आधारित था। कार्यक्रम को सफल बनाने में भोला पाइक, सुनील कोले, सुशांत साहू, समीरन सेन, दुर्गा बंद्योपाध्याय, श्वेता सिन्हा, स्मिता और अपेक्षा सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।