जाली पासपोर्ट बनाकर भारत में घुसी केन्या की महिला, होटल से हुई गिरफ्तार

पार्क स्ट्रीट के रफी अहमद किदवई रोड की घटना
जाली पासपोर्ट बनाकर भारत में घुसी केन्या की महिला, होटल से हुई गिरफ्तार
Published on

कोलकाता : एक केन्याई महिला ने किसी और का पासपोर्ट जालसाजी करके उसे अपना बताकर भारत में प्रवेश किया और आखिरकार पकड़ी गई। महिला का नाम मार्गरेट वॉरिंगा है। बुधवार को उसे पार्क स्ट्रीट थानांतर्गत रफी अहमद किदवई रोड स्थित एक होटल से पुलिस ने गिरफ्तार किया। गुरुवार को गिरफ्तार मार्गरेट को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 17 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार अभियुक्त महिला ने केन्या की एक अन्य महिला का पासपोर्ट जालसाजी करके खुद के नाम से इस्तेमाल किया और भारत में दाखिल हुई। वह बीते कुछ दिनों से रफी अहमद किदवई रोड के एक होटल में ठहरी हुई थी। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भारत में आने के बाद मार्गरेट वॉरिंगा ने जाली दस्तावेजों के जरिए ई-वीजा पाने की कोशिश की। उसी दौरान, असली पासपोर्ट की मालिक केन्या की वह महिला भी भारत पहुंची। जब उसने पासपोर्ट दिखाया, तो अधिकारियों को पता चला कि उसी पासपोर्ट नंबर पर पहले ही एक महिला देश में दाखिल हो चुकी है। इसके बाद जांच की गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रफी अहमद किदवई रोड के होटल से मार्गरेट वॉरिंगा को गिरफ्तार कर लिया। बैंकशाल अदालत ने उसे 17 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर पता लगा रही है कि वह भारत अकेले आयी थी या फिर उसके साथ कोई और भी था।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in