बंदूक की सफाई के दौरान चली गोली, युवक घायल

विष्णुपुर के पैलान इलाके की घटना, पुलिस जांच में जुटी
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
डायमंड हार्बर : विष्णुपुर थाना अंतर्गत पैलान उत्तर बागी इलाके में गुरुवार दोपहर एक युवक अपनी बंदूक की सफाई करते समय अचानक गोली चलने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम सुजय नस्कर बताया गया है, जो पेशे से व्यवसायी हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुजय नस्कर अपने घर में बैठकर बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ अनजाने में ट्रिगर से छू गया और अचानक गोली चल गई। गोली उनकी कमर से टकराकर निकल गई, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल सुजय को तत्काल जोका ईएसआई अस्पताल ले गए। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि सुजय के पास बंदूक का वैध लाइसेंस है और वह इसे कानूनी रूप से रखते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही डायमंड हार्बर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बंदूक को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश गोली चलने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य सभी संभावनाओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय घर में और कौन-कौन मौजूद था तथा गोली चलने की सटीक परिस्थितियां क्या थीं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल घायल युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि गोली वास्तव में सफाई के दौरान चली या किसी अन्य व्यक्ति ने चलाई।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in