फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
9वीं के छात्र ने सहपाठी को मारा चाकू
गरियाहाट के एक नामी स्कूल की घटना
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
महानगर के प्रतिष्ठित साउथ प्वाइंट स्कूल में किताब फाड़ने के एक मामूली विवाद को लेकर नौवीं कक्षा के एक छात्र ने सुनियोजित तरीके से घर से चाकू लाकर अपने सहपाठी के गले पर वार कर दिया। इस खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत रूबी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। स्कूल प्रबंधन ने घटना को लेकर गरियाहाट थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस के अनुसार कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी छात्र ऑटिस्टिक बच्चा है।
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों के मुताबिक कुछ समय पहले आरोपी छात्र की एक किताब उसके सहपाठी ने फाड़ दी थी, जिसकी शिकायत पर शिक्षक ने आरोपी को डांट लगाई थी। सहपाठी के सामने हुई इस बेइज्जती से आरोपी छात्र के मन में जबरदस्त खुन्नस पैदा हो गई। पीड़ित छात्र के पिता का आरोप है कि इसी गुस्से के चलते आरोपी ने उनके बेटे की हत्या की पूरी साजिश रची। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी छात्र ने इस खूनी हमले को अंजाम देने से पहले पूरी ''''रिसर्च'''' की थी। उसे इस बात की जानकारी थी कि किसी नाबालिग द्वारा हत्या करने पर क्या सजा मिलती है। वह जानता था कि जुवेनाइल कोर्ट के जरिए उसे बाल सुधार गृह (होम) भेजा जाएगा और 18 साल की उम्र से पहले ही वह वहां से छूट जाएगा। इसी सोच के तहत बुधवार को वह चुपचाप घर से चाकू लेकर स्कूल पहुंचा और दोपहर करीब 12:30 बजे सहपाठी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद हमलावर छात्र को क्लासरूम से बाहर निकाला गया। स्कूल के अनुभवी मनोवैज्ञानिक ने आरोपी छात्र की काउंसलिंग की, जिसके बाद उसके पिता उसे घर ले गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए साउथ पॉइंट स्कूल के अधिकारियों ने गरियाहाट पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

