

कोलकाता : महानगर में फुटपाथ पर खेल रही एक 7 वर्षीय बच्ची के सिर पर लैंप पोस्ट की लाइट गिरने से उसकी मौत हो गयी। घटना हेस्टिंग्स थानांतर्गत एजेसी बोस फ्लाईओवर के डाउन रैंप के निकट की है। मृत बच्ची का नाम गुड़िया खातून (7) है। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है और मृतका के माता-पिता व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की है। सीएम के निर्देश पर सोमवार को विधायक तापस राय और विधायक इंद्रनील खां ने मृत बच्ची के परिजनों को 4 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस मौके पर कोलकाता पुलिस के एडिशनल सीपी 1 डीपी सिंह और ज्वाइंट सीपी (ओ) अजय प्रसाद भी मौजूद थे।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार गुड़िया खातून अपने परिवार के साथ हेस्टिंग्स में एक फ्लाईओवर के नीचे रहती थी। फ्लाईओवर के पास एक 'हाई मास्ट' लैंपपोस्ट है। पता चला है कि उस लैंपपोस्ट से एक लैंप टूटकर नीचे गिर गया। इस वजह से गुड़िया की मौत हो गई। शुरुआती तौर पर पता चला है कि हादसा सुबह 7 बजे से 7:10 बजे के बीच हुआ। बाकी दिनों की तरह सोमवार सुबह भी गुड़िया लैंपपोस्ट के नीचे खेल रही थी तभी लैंपपोस्ट की लाइट उस पर गिर गयी। शुरुआती तौर पर यह साफ नहीं है कि हादसा कैसे हुआ। हालांकि, मृत बच्ची का परिवार इसके लिए मेंटेनेंस की कमी को जिम्मेदार ठहरा रहा है।
परिवार और कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि लैंपपोस्ट से लाइट गिरने के बाद घटनास्थल पर सिर्फ एक 'नट' मिला था। आमतौर पर उन लाइटों को लैंपपोस्ट से जोड़ने के लिए चार 'नट' होते हैं। परिवार का आरोप है कि बाकी तीन 'नट' यहां नहीं लगे थे। उनका दावा है कि इसी वजह से लैंपपोस्ट से लाइट गिर गई। मृत गुड़िया के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। उन्होंने कहा कि अपने भतीजे से खबर मिलने के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसके सिर में गंभीर चोट थी। उसे तुरंत एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।