

कोलकाता : महानगर के एक फॉरेक्स कंपनी के कर्मचारी पर हमला कर अज्ञात बदमाशों ने 7 लाख रुपये मूल्य की भारतीय और विदेशी मुद्रा से भरा पैकेट लूट लिया। घटना पार्क स्ट्रीट थाना अंतर्गत सदर स्ट्रीट इलाके की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
घटना बुधवार शाम करीब 7 से 7.30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक फॉरेक्स कंपनी का कर्मचारी मोहम्मद नसीरुद्दीन लगभग 7 लाख रुपये के भारतीय और विदेशी मुद्रा का पैकेट लेकर डिलीवरी के लिए निकला था। जैसे ही वह 10 नंबर सदर स्ट्रीट की इमारत के प्रवेश द्वार की सीढ़ियों के पास पहुंचा, अचानक कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने नसीरुद्दीन के साथ मारपीट करते हुए उसे कई थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद उसके चेहरे पर मिर्च स्प्रे छिड़क दिया। कर्मचारी जब तक खुद को संभाल पाता, बदमाश उसके हाथ से 7 लाख रुपये की नकदी वाला पैकेट छीनकर रफूचक्कर हो गए।
वारदात के बाद कंपनी के डायरेक्टर छबिलाल सोनकर ने पार्क स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।