

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण शुक्रवार को कोलकाता से खाड़ी देशों के लिए संचालित सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के बयान के अनुसार, नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई, दोहा और अबू धाबी के लिए आने-जाने वाली सात उड़ानों को मौजूदा हालात के कारण रद्द करना पड़ा।
रद्द की गई उड़ानों में एयर अरबिया, एतिहाद एयरवेज, कतर एयरवेज और एमिरेट्स की सेवाएं शामिल हैं, जो कोलकाता को खाड़ी क्षेत्र के तीन प्रमुख ट्रांजिट हब से जोड़ती हैं।
एमिरेट्स की दुबई से कोलकाता आने वाली और कोलकाता से दुबई जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं।
एयर अरबिया की कोलकाता से अबू धाबी जाने वाली उड़ान भी रद्द कर दी गई। वहीं एतिहाद एयरवेज की अबू धाबी से कोलकाता और कोलकाता से अबू धाबी की उड़ानें भी रद्द रहीं।
इसके अलावा कतर एयरवेज की दो उड़ानें, जो दोहा के लिए निर्धारित थीं, उन्हें भी रद्द कर दिया गया।
एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एयरलाइंस यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और उड़ान मार्गों की समीक्षा कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित यात्रियों को अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क कर पुनर्निर्धारण, रिफंड या वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था के बारे में जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।
इससे पहले 5 मार्च को चार दिनों के निलंबन के बाद खाड़ी देशों के लिए उड़ान सेवाएं आंशिक रूप से बहाल हुई थीं, जब दुबई से फ्लाईदुबई का एक विमान सुबह 2:40 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर 130 यात्रियों के साथ उतरा था। यही विमान बाद में 55 यात्रियों को लेकर उसी दिन दुबई के लिए रवाना हुआ था।