इलाज का खर्च नहीं उठा सका बेटा, मां की गला घोंटकर हत्या!

वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना, घटनास्थल से मिला पत्र
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

हरिदेवपुर के हाफिज मोहम्मद इशाक रोड की घटना

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मां की लंबे समय से चल रही बीमारी और इलाज के खर्च का बोझ उठाने में असमर्थता के कारण एक बेटे पर अपनी 85 वर्षीया मां की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना हरिदेवपुर थानांतर्गत हाफिज मोहम्मद इशाक रोड की है। मृतका के बेटे सागर घोष (67) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।घटनास्थल से पुलिस को एक चिट्ठी भी मिली है, जिसमें लिखा था, 'मां को मुक्ति दे दी।' पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि यह चिट्ठी आरोपी ने अपनी बहन के लिए लिखी थी। पुलिस ने पत्र को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार की सुबह सागर घोष ने कथित तौर पर सफेद धागे से मां का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद ही पुलिस के आपातकालीन नंबर 100 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हरिदेवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार सागर अपनी बीमार मां और वृद्ध बहन के साथ रहता था। घटना के समय उसकी बहन घर में नहीं थी।

पहले भी पत्नी पर हमले का लगा था आरोप

पेशे से इंजीनियर रहे सागर घोष का पारिवारिक जीवन भी विवादों में रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2019 में उस पर अपनी पत्नी को हथौड़े से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा था। इसके बाद वर्ष 2021 में लॉकडाउन के दौरान भी पत्नी पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास करने का आरोप सामने आया था। इस संबंध में पत्नी ने उसके खिलाफ शिकायत भी दर्ज करायी थी। बताया जाता है कि इसके बाद से पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके में रह रही थी।

नौकरी छूटने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहा था परिवार

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2021 में लॉकडाउन के दौरान सागर की नौकरी चली गयी थी। इसके बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। पड़ोसियों का दावा है कि नौकरी छूटने के बाद से उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था। वह घर से बहुत कम बाहर निकलता था और कभी-कभार ही इलाके में दिखाई देता था। कुछ स्थानीय लोगों ने उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका भी जतायी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के होमिसाइड विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News