60 नौसेना एनसीसी कैडेटों ने 410 किमी ‘हुगली संकल्प’ अभियान किया पूरा

मैन ओ’ वॉर जेट्टी पर अभियान का समापन, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश
Kolkata
नौसेना एनसीसी कैडेट
Published on: 

कोलकाता : कोलकाता की ऐतिहासिक मैन ओ’ वॉर जेट्टी पर 60 नौसेना एनसीसी कैडेटों ने 410 किलोमीटर लंबे ‘हुगली संकल्प’ (MENU 2026) अभियान का सफलतापूर्वक समापन किया। अभियान के दौरान कैडेटों के साथ इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) और सुरक्षा नौकाएं भी रहीं। पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम एनसीसी निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल अमर पाल सिंह चहल ने कैडेटों का स्वागत किया।

इस अभियान में ग्रुप कमांडर कमोडोर सीजर बसु, कमांडिंग ऑफिसर, 2 बंगाल नेवल यूनिट कमांडर मृण्मय घोष और 1 बंगाल नेवल यूनिट के कमांडर संजीब शरण भी शामिल रहें।

अभियान में कैडेटों ने नौकायन, नाव खींचने, रिगिंग और समुद्री संचालन जैसे कौशल का प्रदर्शन किया। कठिन परिस्थितियों में टीमवर्क, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और साहस के जरिए अभियान को पूरा किया गया।

अभियान का उद्देश्य केवल साहसिक नौकायन तक सीमित नहीं रहा। कैडेटों ने विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रीय अभियानों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। नशा मुक्ति अभियान, टीबी मुक्त अभियान और बाल विवाह विरोधी अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा देने के लिए मिलेट्स के उपयोग का संदेश भी दिया गया।

पर्यावरण संरक्षण के तहत नमामि गंगे, ‘एक पेड़ मां के नाम’, जल परीक्षण, जल शुद्धिकरण एवं संरक्षण के मॉडल प्रस्तुत किए गए। गंगेटिक डॉल्फिन संरक्षण को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई। इसके साथ कैडेटों ने साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को सजग किया।

अभियान ने साहसिक प्रशिक्षण के साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की भूमिका को भी रेखांकित किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in