व्यवसायियों को धमकी देने वाले गिरोह के 6 गिरफ्तार

एसआईसीआई’ संगठन बनाकर लोगों से ठगी, नकली अफसर बनकर करते थे वसूली
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एएसपी मिथुन कुमार दे, साथ में हैं कई अन्य अधिकारी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एएसपी मिथुन कुमार दे, साथ में हैं कई अन्य अधिकारी
Published on

डायमंड हार्बर : डायमंड हार्बर में ‘सोशल लीगल क्राइम इन्फॉर्मेशन’ (एसआईसीआई) नाम से एक फर्जी कार्यालय खोलकर इलाके के व्यवसायियों को नकली सीबीआई, ईडी, नारकोटिक्स और सीआईडी अधिकारी बनकर डराने, धमकाने और प्रताड़ित करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ डायमंड हार्बर पुलिस ने किया है। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम फाल्गुनी चटर्जी, सुजाउद्दीन शेख, गोपाल बारिक, संदीप बर्मन, मुस्ताकिन मोल्ला और जमालुद्दीन हालदार हैं। इनमें फाल्गुनी चटर्जी कोलकाता के लेक थाना क्षेत्र की निवासी तथा इस गिरोह का सरगना है। डायमंड हार्बर जिला पुलिस के एडिशनल एसपी मिथुन कुमार दे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले फाल्गुनी चटर्जी ने केंद्र सरकार का लोगो और स्टिकर लगी गाड़ी के साथ डायमंड हार्बर नगरपालिका के वार्ड संख्या 14, सिविल कोर्ट पाड़ा इलाके में एक कार्यालय खोला था, जिसका नाम सोशल लीगल क्राइम इन्फॉर्मेशन है। इस संगठन का मुख्य कार्यालय दक्षिण दिनाजपुर में बताया जा रहा है।

अन्य इलाकों में नेटवर्क की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के सदस्य खुद को केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताकर व्यवसायियों को डराकर वसूली करते थे। एडिशनल एसपी ने कहा कि यह जांच का विषय है कि डायमंड हार्बर के अलावा इस गिरोह ने और किन-किन इलाकों के लोगों को इसी तरह धमकाकर प्रताड़ित किया है। इस मामले में गिरोह को सहयोग देने वाले अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। स्थानीय व्यवसायियों की शिकायत के आधार पर डायमंड हार्बर थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपितों को पकड़ा। अन्य इलाकों में भी गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in