बिरयानी का स्वाद, भरोसे का कत्ल और 50 लाख की सनसनीखेज चोरो!

करया थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित 6 लोगों को किया गिरफ्तार

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शाम के वक्त गरमा-गरम बिरयानी की खुशबू जब शमसुल हुदा रोड के एक शांत घर में फैली, तो बुजुर्ग दंपति ने सोचा भी नहीं था कि यह लजीज डिश असल में एक खौफनाक साजिश का हिस्सा थी। करया थाना क्षेत्र के एक रिटायर्ड अफसर के घर हुई 50 लाख की चोरी का जब खुलासा हुआ, तो पुलिस अधिकारी से लेकर आम लोग तक दंग रह गए। जिस रिश्तेदार महिला ने प्यार से बिरयानी परोसी थी, वही अपने साथियों को साथ लेकर घर में घुसी और चोरी की पूरी वारदात को अंजाम दे डाला!

भरोसे की मीठी चाशनी में घुला जहर

रिटायर्ड अधिकारी अपनी पत्नी के साथ घर में अकेले रहते थे। इस अकेलेपन पर नजर उनके मायके पक्ष की रिश्तेदार निशा की नजर पड़ी। निशा का ससुराल और पीड़िता का मायका एक ही इलाके (मेहंदी बागान) में होने के कारण दोनों में नजदीकी थी। निशा ने बड़े ही शातिराना अंदाज में परिवार में एंट्री ली। कभी हाथ बंटाने के बहाने, तो कभी मीठी बातों से। महज 8 से 10 दिनों के भीतर उसने दंपति का अटूट विश्वास जीत लिया। लेकिन यह हमदर्दी सिर्फ घर के चप्पे-चप्पे और तिजोरी के राज जानने का एक नाटक थी। 2 अगस्त की शाम निशा एक टिफिन में गरमा-गरम बिरयानी लेकर पहुंची। उसने मकान मालकिन को बिरयानी दी और इसी बहाने मालकिन को घर से बाहर मायके (मेहंदी बागान) की तरफ भेज दिया।

घर में घुसा ''गैंग'' और तोड़ा अलमारी का ताला

जैसे ही मकान मालकिन घर से निकलीं और घर खाली हुआ, निशा ने तुरंत अपने साथियों को बुला लिया। निशा, पिंकी और मोनू (ट्रांसजेंडर) घर के भीतर दाखिल हुए। उनके साथ गिरोह का सदस्य आदिल भी था, जिसने अलमारी का ताला तोड़ा। निशा की मौजूदगी में ही अलमारी में रखे लगभग 50 लाख रुपये के चमचमाते सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया गया। चोरी के तुरंत बाद गैंग ने आपस में माल का बंटवारा कर लिया।

खाकी का चाबुक और 32 लाख की रिकवरी

जब दंपति घर लौटा और अलमारी का मंजर देखा, तो उनके पैर तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही करया थाना पुलिस एक्शन मोड में आई। तफ्तीश के दौरान पुलिस का शक सबसे पहले निशा की हरकतों पर गया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो निशा टूट गई और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की पूरी बात उगल दी। करया थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को दबोचा और चोरी गए माल में से 32 लाख रुपये मूल्य के गहने बरामद कर लिए हैं। फिलहाल, सलाखों के पीछे पहुंची निशा और उसके साथियों से बाकी के सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in