

कोलकाता : शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर साइबर जालसाजों ने महानगर के एक 65 वर्षीय वृद्ध से 54 लाख रुपये की ठगी कर ली। घटना को लेकर पीड़ित वृद्ध ने आनंदपुर थाने में घटना की शिकायत दर्ज करायी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, आनंदपुर निवासी गौतम सेन को 14 मई 2026 को एक अज्ञात लिंक के जरिए एक संस्था के व्हाट्सएप वीआईपी ग्रुप से जोड़ा गया। इसके बाद उन्हें मोबाइल ऐप डाउनलोड करने और एक वेबसाइट पर पंजीकरण करने के लिए कहा गया। जालसाजों ने दावा किया कि उनके प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश करने पर शेयर बाजार के सटीक टिप्स, डिस्काउंट पर आईपीओ आवंटन और कम समय में भारी मुनाफा मिलेगा। लालच में आकर गौतम सेन ने 14 मई से 2 जून के बीच अपने आईसीआईसीआई बैंक और फेडरल बैंक के खातों से आरटीजीएस के जरिए कई किस्तों में कुल 54 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का खुलासा तब हुआ जब 2 जून को पीड़ित ने ऐप में दिख रही अपनी निवेश राशि और मुनाफे को निकालने की कोशिश की। आरोप है कि ऐप संचालकों ने रकम जारी करने से इनकार कर दिया और कहा कि निकासी से पहले 35 लाख रुपये का अतिरिक्त 'सर्विस चार्ज' जमा करना होगा। इतनी बड़ी रकम की अतिरिक्त मांग पर पीड़ित को संदेह हुआ। जांच-पड़ताल करने पर उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।