

कोलकाता :केन्द्र सरकार की एक संस्था की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए लालबाजार के साइबर थाना पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग फर्जी कॉल सेंटर और नकली वेबसाइट के माध्यम से लोगों को जाल में फंसा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एम. विनय, सी. संजय, बी.एस. राय, पी. तपन कुमार और कुमार गौरव के रूप में हुई है। बुधवार को छापेमारी कर इन्हें दबोचा गया और गुरुवार को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया।
अदालत में सरकारी वकील ने बताया कि आरोपी नकली वेबसाइट बनाकर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लोगों को ‘भारत फर्टिलाइजर’ की फ्रेंचाइजी दिलाने का प्रलोभन देते थे। वेबसाइट पर प्रधानमंत्री की फर्जी तस्वीर लगाकर लोगों का विश्वास जीता जाता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति से ही करीब तीन लाख रुपये की ठगी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियोजन पक्ष ने आरोपितों की पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने सभी पांचों आरोपितों को 9 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। मामले की जांच जारी है।