

कोलकाता : तिलजला थाना क्षेत्र के पिकनिक गार्डन रोड पर नशे की हालत में हंगामा करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सायन बनर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 13 नवंबर तक जेल हिरासत में भेज दिया गया।
क्या है पूरी घटना
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को भोर में लगभग 4 बजे पिकनिक गार्डन रोड पर कुछ गड़बड़ी और हंगामे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गश्त पर तैनात एएसआई मो. तफ्फजल प्रधान और सिविक वाॅलेंटियर मो. सिराज तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि सायन बनर्जी नामक एक व्यक्ति नशे की हालत में भारी उपद्रव मचा रहा था। वह और उसके कुछ अन्य अज्ञात साथी काफी हिंसक हो चुके थे और बांस के डंडे से स्थानीय लोगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। जब ड्यूटी पर मौजूद गश्ती टीम ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, तो वे नहीं माने और अपना हंगामा जारी रखा। इस दौरान मुख्य आरोपी सायन बनर्जी ने एएसआई मो. तफ्फजल प्रधान पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। जब पुलिस टीम ने उसे दबोचने की कोशिश की, तो अन्य अज्ञात लोगों ने पुलिस बल के साथ हाथापाई की और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, हालांकि वे उसे पुलिस की पकड़ से छुड़ाने में असफल रहे। बाद में अन्य पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर आरोपी के साथी फरार हो गए, जबकि मुख्य आरोपी सायन बनर्जी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। वहीं दूसरी तरफ नेताजीनगर इलाके में पुलिस कर्मी से मारपीट के आरोप में पुलिस ने 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मी के काम में बाधा दी और उनके साथ मारपीट की। बाद में चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को अभियुक्तों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 13 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।