पार्क सर्कस प्रदर्शन मामले में 39 गिरफ्तार

अभियुक्तों को 23 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया
सोमवार को पार्क सर्कस में सीएम शुभेंदु अधिकारी
सोमवार को पार्क सर्कस में सीएम शुभेंदु अधिकारी
Published on

कोलकाता : पार्क सर्कस इलाके में रविवार को हुए हिंसक प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बेनियापुकुर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस हिंसा में शामिल 39 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को सभी आरोपितों को सियालदह कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी अभियुक्तों को 23 मई तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह पूरा विवाद तिलजला इलाके में एक अवैध निर्माण को ढहाने से शुरू हुआ था। आरोप है कि अवैध निर्माण तोड़ने के खिलाफ रविवार को दोपहर सैकड़ों लोग पार्क सर्कस सेवेन प्वाइंट क्रॉसिंग पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करने लगे थे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क अवरोध कर दिया था। जाम हटाने और कानून-व्यवस्था बहाल करने पहुंची पुलिस टीम पर प्रदर्शनकारियों ने अचानक हमला बोल दिया। भीड़ की तरफ से पुलिस को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ पत्थरबाजी की गई। इस हिंसक हमले में ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थिति पर काबू पाने के लिए बाद में भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को मोर्चा संभालना पड़ा था।

बेनियापुकुर थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और दंगा भड़काने समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद अब गिरफ्तार किए गए 39 आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरी हिंसा के पीछे शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं और अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा सके। इलाके में सुरक्षा के लिहाज से अब भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in