बांसद्रोणी में नाबालिग की हत्या के आरोप में 4 गिरफ्तार

रिहैब सेंटर के कर्मियों पर लगा मारपीट कर हत्या का आरोप
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : बांसद्रोणी थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से परेशान एक नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने रिहैब सेंटर के चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम स्वपन प्रमाणिक, सौरव दास, मनोजीत अधिकारी और रितेश मंडल हैं। कार्रवाई मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, बांसद्रोणी इलाके में रहने वाले एक दंपति का नाबालिग बेटा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और व्यवहार संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था। परिजनों का आरोप है कि उसकी स्थिति को देखते हुए उन्होंने रविवार को इलाज के लिए एक स्थानीय रिहैब सेंटर से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक, रिहैब सेंटर के कर्मचारी नाबालिग को लेने के लिए कार से उसके घर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि कर्मचारियों ने उसे जबरन घर से बाहर निकालकर कार में बैठाया और रास्ते में उसके साथ मारपीट की। कुछ समय बाद रिहैब सेंटर के कर्मचारियों ने परिजनों को फोन कर बताया कि नाबालिग की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद उसे एम.आर. बांगुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों ने बांसद्रोणी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद रिहैब सेंटर के चार कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। नाबालिग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in