

कोलकाता : महानगर के कई इलाकों में बाइक के असली साइलेंसर खोलकर रात में मोडीफाइड साइलेंसर से तेज और कर्कश आवाज निकालने की घटना लगातार बढ़ रही है। इससे स्थानीय निवासियों की नींद और शांति दोनों भंग हो रही है। इसी समस्या को लेकर रविवार की रात को पूर्व जादवपुर के यमुनानगर इलाके में युवक ने विरोध जताया, तो बदले में एक प्रमोटर के बेटे और उसके साथियों ने उसपर और उसके रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने हत्या की कोशिश के आरोप में प्रमोटर के बेटे अंकित जायसवाल और उसके तीन साथियों हिमांशु कुमार, सागर वाल्मीकि तथा अमन साव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अंकित जायसवाल रोजाना अपनी बाइक से तेज आवाज करते हुए घर लौटता था। रविवार रात को जब वह घर की ओर आ रहा था, तब रास्ते के किनारे बैठे स्थानीय युवक रवि पोद्दार ने उसकी इस हरकत का विरोध किया। इस पर अंकित ने रवि को धमकी दी। इसके बाद अंकित अपने साथियों हिमांशु, सागर, अमन, तन्मय, शुभ, पापन, सोनू और अन्य लोगों के साथ रवि के घर पर पहुंच गया। उन्होंने रवि को जबरन घर से बाहर निकाला और घर के सामने खड़ी कई बाइकों को तोड़फोड़ कर दी।
जब रवि के पड़ोसी और परिवार वाले उसे बचाने आये तो आरोपितों ने धारदार हथियारों, रॉड और बांस से उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में रवि पोद्दार, नरेन दास समेत कम से कम पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बाघाजतीन स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जादवपुर थाना और ईस्ट डिविजन की भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और रात में छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जबकि बाकी आरोपितों की तलाश जारी है। इलाके में बाइक की अनियंत्रित आवाज को लेकर पहले भी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं, लेकिन अब यह मामला हिंसक रूप ले चुका है।