जे.एम. जैन के रक्तदान शिविर में 312 लोगों ने किया रक्तदान

जनप्रतिनिधियों ने की सेवा कार्यों की सराहना
Kolkata
रक्तदान शिविर में 312 लोगों ने किया रक्तदान
Published on: 

कोलकाता : मानव सेवा और सामाजिक दायित्व के उद्देश्य से रेडीमेड गारमेंट्स उद्योग के अग्रणी प्रतिष्ठान जे.एम. जैन, कोलकाता के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

समता युवा संघ एवं लायंस क्लब ऑफ कोलकाता श्रद्धा सबूरी के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस शिविर में 312 नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दिया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने सामाजिक सरोकारों के प्रति नागरिकों की जागरूकता और सेवा भावना को प्रदर्शित किया।

जनप्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में जोड़ासांकू के विधायक विजय ओझा और चांपदानी के विधायक दिलीप सिंह उपस्थित रहे। इनके साथ कोलकाता नगर निगम (KMC) की पूर्व उपमहापौर मीना पुरोहित ने भी आयोजन में शिरकत की।

विशिष्ट अतिथियों बिरम प्रकाश सुल्तानिया, हरिकिशन राठी, घनश्याम बाहेती और निश्‍चल कांकरिया ने भी शिविर में पहुंचकर आयोजकों एवं रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में रक्तदान को मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में परोपकार, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

जे.एम. जैन टीम के सामाजिक योगदान की सराहना

विधायक विजय ओझा, विधायक दिलीप सिंह और मीना पुरोहित सहित सभी अतिथियों ने जे.एम. जैन की टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक गतिविधियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना सराहनीय पहल है। शिविर में 312 लोगों का रक्तदान करना आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

आयोजकों ने जताया आभार

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जे.एम. जैन की पूरी टीम, समता युवा संघ के सदस्यों और लायंस क्लब ऑफ कोलकाता श्रद्धा सबूरी के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। जे.एम. जैन टीम की ओर से स्नेह भंसाली सहित पूरी टीम तथा लायंस क्लब की ओर से चेतन जैन ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने रक्तदान के इस सेवाकार्य में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने वाले सभी नागरिकों का धन्यवाद किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News