

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चुनावी कार्यक्रम घोषित होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। रविवार को चुनाव आयोग द्वारा मतदान कार्यक्रम घोषित किए जाने के तुरंत बाद राज्य में कई प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी हुए। इसके बाद सोमवार की सुबह नवान्न (राज्य सचिवालय) की ओर से 30 डब्ल्यूबीसीएस (एक्जीक्यूटिव) अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना भी सामने आई।
हालांकि सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया कि यह आदेश वास्तव में 13 मार्च, शुक्रवार को ही जारी किया गया था, जिसे 16 मार्च को सार्वजनिक किया गया। नवान्न के प्रशासनिक एवं कार्मिक विभाग के डब्ल्यूबीसीएस सेल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जनहित में प्रशासनिक कार्यों को तेज करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। आदेश में कई जिलों में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) के रूप में नयी नियुक्तियों का भी उल्लेख किया गया है। तबादला सूची में अनंतचंद्र सरकार का नाम शामिल है, जो अब तक पर्यटन विभाग में कार्यरत थे।
उन्हें उत्तर दिनाजपुर जिले का अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं मालदा डिविजन के सहायक आयुक्त पुष्पक राय को भी उसी जिले में एडीएम के पद पर भेजा गया है। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विष्णुब्रत भट्टाचार्य को मुर्शिदाबाद का एडीएम नियुक्त किया गया है, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव सुदीप्त दास को नदिया जिले का अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा आदिवासी विकास विभाग की संयुक्त सचिव शुभलक्ष्मी बसु और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की संयुक्त सचिव ब्रिजित सुचिता कुजूर को उत्तर 24 परगना में एडीएम नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के अनुसार, चुनाव से पहले प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह फेरबदल किया गया है।