

हुगली: विधानसभा चुनाव में चंदननगर से तृणमूल उम्मीदवार इंद्रनील सेन हार गए। उस हार से निगम में खलबली मच गई है। 33 वार्ड वाले चंदननगर नगर निगम में 31 तृणमूल पार्षद थे. 2 सीपीआईएम से हैं।
शुक्रवार की सुबह पांच पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया, वहीं, रात में 25 लोगों ने निगम अध्यक्ष स्निग्धा रॉय को अपना इस्तीफा सौंप दिया। पार्षदों ने कमिश्नर को भी मेल के जरिए अपना त्याग पत्र भेजा। नियमानुसार चेयरपर्सन को त्यागपत्र निगम आयुक्त को देना होगा।
चंदननगर के निवर्तमान मेयर राम चक्रवर्ती ने इस्तीफा देने के बाद कहा, "हम विधानसभा चुनाव में हार गए हैं। जनता के फैसले को हम स्वीकार करते हैं। फिर भी, मुझे लगा कि मैं नगर निगम की सेवाएं जारी रख पाऊंगा लेकिन अरबन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट ने खर्चों के ऑडिट का आदेश दिया है।
कोई आर्थिक स्वतंत्रता नहीं रही। हमें चाय और वाहन के तेल के पैसे नहीं मिल रहे थे। कुछ दिनों के इंतजार के बाद हमें यह लगने लगा कि नागरिकों को सेवाएं प्रदान करने में समस्याएं होंगी, इसलिए इस्तीफा दे दिया।
जब सेवा नहीं दे सकते तो कुर्सी पर बैठने का कोई मतलब नहीं है। इसलिए हमने यह फैसला लिया। किसी ने हमें इस्तीफा देने के लिए मजबूर नहीं किया है। मुझे उम्मीद है कि वे लोगों की सेवाओं पर ध्यान देंगे।
इस शहर की रक्षा सभी को करनी होगी।' हालांकि, चंदननगर नगर निगम के एक तृणमूल पार्षद ने अब तक इस्तीफा नहीं दिया है। सीपीएम के दो पार्षदों ने भी इस्तीफा नहीं दिया है।