भारतीय जलसीमा में घुसे 28 बांग्लादेशी मछुआरे गिरफ्तार

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना: रात के अंधेरे में एक बार फिर भारतीय जलसीमा में प्रवेश करने के आरोप में 28 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना रविवार रात बंगाल की खाड़ी में भारत की समुद्री सीमा के भीतर हुई। भारतीय उपकूल रक्षक बल (कोस्ट गार्ड) ने संदिग्ध ट्रॉलर का पीछा कर उसे घेर लिया और मछुआरों को पकड़ लिया। रविवार रात गश्त के दौरान कोस्ट गार्ड के जवानों ने भारतीय जलसीमा के भीतर एक संदिग्ध ट्रॉलर को घूमते देखा। पीछा करने के बाद ‘एफबी सागर’ नामक ट्रॉलर को रोक लिया गया। ट्रॉलर पर सवार 28 बांग्लादेशी मछुआरों से पूछताछ के बाद उन्हें ट्रॉलर सहित हिरासत में ले लिया गया। सोमवार सुबह सभी मछुआरों को फ्रेजरगंज मछली बंदरगाह लाया गया और बाद में फ्रेजरगंज कोस्टल थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार अधिकांश मछुआरे बांग्लादेश के चटगांव जिले के कॉक्स बाजार स्थित कुतुबदिया क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। अवैध रूप से भारतीय जलसीमा में प्रवेश करने के आरोप में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। वे गलती से सीमा पार कर आए या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य था, इस संबंध में पूछताछ जारी है। सभी आरोपियों को आज काकद्वीप अदालत में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी गहरे समुद्र में भारतीय जलसीमा में अवैध प्रवेश के आरोप में कई बांग्लादेशी मछुआरे गिरफ्तार किए जा चुके हैं। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से तटीय सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in