

कोलकाता/चिंशुरा : गंगा मिशन की ओर से रविवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चिंशुरा स्थित आरोग्य में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 250 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
इस दौरान रक्तचाप, ईसीजी और ब्लड शुगर की जांच के साथ जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। नेत्र परीक्षण के दौरान 45 मरीजों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए।
वहीं, 15 मरीजों में मोतियाबिंद के ऑपरेशन की आवश्यकता सामने आई। इन सभी मरीजों का ऑपरेशन आगामी 30 अक्टूबर को कोलकाता के मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निःशुल्क किया जाएगा।
गंगा मिशन के प्रतिनिधि सरदार ज्योति सिंह ने बताया कि शिविर का आयोजन गंगा मिशन के राष्ट्रीय सचिव एवं मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल के मानद अध्यक्ष प्रह्लाद राय गोयनका की प्रेरणा से किया गया। शिविर की सफलता में डॉ. सौरव सिंह, राजीव सिंह और तपसी पॉल का सराहनीय योगदान रहा।