

कोलकाता : राज्य में चुनावी माहौल के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अवैध वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाने के लिए नाका चेकिंग बढ़ा दी गई है। चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में पुलिस और केंद्रीय बल सख्त निगरानी रख रहे हैं। खास तौर पर काले धन के इस्तेमाल और चुनाव प्रक्रिया पर पैसे के प्रभाव को रोकने के लिए प्रशासन सक्रिय है। हाल ही में बालीगंज, बेलियाघाटा और तपसिया इलाके में तीन बड़े अभियानों में भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। कोलकाता के बालीगंज विधानसभा क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। शुक्रवार की रात बालीगंज के आशुतोष चौधुरी एवेन्यू और गुरुसदय दत्त रोड के चौराहे पर एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से करीब 25 लाख रुपये नकद बरामद हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आयकर विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही आयकर अधिकारी मौके पर पहुंचे और पैसे के स्रोत की जांच शुरू कर दी। दूसरी ओर तपसिया इलाके में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके पास से 2 लाख रुपये नकद बरामद किये गये। अभियुक्त रुपये ले जाने को लेकर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। तीसरी घटना बेलियाघाटा इलाके की है। यहां पर शुक्रवार की रात पुलिस की टीम ने नाका चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के पास से 1.75 लाख रुपये नकद बरामद किये।