भूगोल की 224 किताबें चोरी, जांच में जुटी पुलिस

केएलसी थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स (केएलसी) इलाके में एक छापाखाने से भूगोल की 224 किताबों की चोरी का मामला सामने आया है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में किताबें चोरी होने से पुलिस अधिकारी भी हैरान हैं। ऐसे में सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर चोर इन किताबों का क्या करेगा। इस मामले में कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, केएलसी स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में नौवीं कक्षा की भूगोल की किताबें छापी जा रही थीं। कॉलेज स्ट्रीट की एक प्रकाशन संस्था ने इन किताबों को छापने का काम उस छापाखाने को दिया था। छपाई के बाद किताबों को बाइंडिंग कर प्रेस के भीतर ही रखा गया था। इसी दौरान प्रेस प्रबंधन ने देखा कि वहां से 224 किताबें गायब हैं।

प्राथमिक जांच में आरोप लगाया गया है कि छापाखाने का ही एक कर्मचारी इस चोरी में शामिल हो सकता है। बताया जा रहा है कि उसने बाहरी व्यक्ति की मदद से किताबों को प्रेस से बाहर निकालकर भांगड़ इलाके के एक पुस्तकालय में पहुंचा दिया। इस सूचना के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस सूत्रों के अनुसार जरूरत पड़ने पर संबंधित पुस्तकालय में भी तलाशी अभियान चलाया जा सकता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in