कोलकाता : उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षणिक वर्ष 2023-24 से एचएस पाठ्यक्रम में दो नए विषयों के रूप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस को पहले ही पेश कर दिया है। वहीं शिक्षा बोर्ड अब दो अन्य नये विषय- एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी को शैक्षणिक वर्ष 2024-25 से शुरू करने जा रहा है। बता दें कि दो मौजूदा विषयों मॉडर्न कंप्यूटर एप्लीकेशन और कंप्यूटर साइंस के सिलेबस को प्रासंगिक और समसामयिक बनाए रखने के लिए अपग्रेड किया गया है। इस स्थिति में, परिषद का मानना है कि 2024 के माध्यमिक परीक्षार्थियों के लिए एक बुनियादी वॉर्म-अप पाठ्यक्रम की आवश्यकता है, जो आधुनिक कंप्यूटर एप्लीकेशन, कंप्यूटर विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी में से किसी एक विषय को लेने में रुचि रखते हैं। इस पाठ्यक्रम को बूटस्ट्रैप प्रोग्राम नाम दिया गया है। उच्च माध्यमिक के मुख्य पाठ्यक्रम शुरू होने से पहले अप्रैल और मई के महीनों का उपयोग इस पाठ्यक्रम के लिए किया जा सकता है। स्कूल की सुविधा के अनुसार, थ्योरी कक्षाएं क्लास रूम में या ऑनलाइन मोड में आयोजित की जा सकती हैं। यदि कोई स्कूल इस पाठ्यक्रम को संचालित करने की स्थिति में नहीं है, तो परिषद द्वारा प्रदान की गई स्टडी मटेरियल इच्छुक विद्यार्थियों के बीच साझा की जा सकती है।