

कोलकाता : कोलकाता के वेस्टिन होटल में रविवार को 19वीं वर्ल्ड सुडोकू चैंपियनशिप और 33वीं वर्ल्ड पज़ल चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 35 देशों के 250 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
तर्कशक्ति, बौद्धिक क्षमता और रचनात्मकता को समर्पित इस प्रतियोगिता की मेजबानी से कोलकाता गौरवान्वित हुआ। समारोह में सीके बिड़ला सीएमआरआई हॉस्पिटल्स के जोनल हेड एवं सीईओ डॉ. सोमब्रता रॉय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वहीं, ‘कंसर्न फॉर कलकत्ता’ के अध्यक्ष एडवोकेट नारायण जैन और श्री श्री एकेडमी की प्रिंसिपल गार्गी बनर्जी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस चैंपियनशिप के माध्यम से विभिन्न देशों के प्रतिभागियों को अपनी तार्किक क्षमता और पहेली सुलझाने के कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल रहा। टीम इंडिया सहित सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।