

कोलकाता : राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन में अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल किया है। गृह एवं पर्वतीय मामले विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार एक साथ 179 आईपीएस एवं डब्ल्यूबीपीएस अधिकारियों के तबादले, पदोन्नति और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए गए हैं। इस व्यापक प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत डायमंड हार्बर, बीरभूम समेत 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को बदला गया है, जबकि कोलकाता पुलिस के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नये अधिकारियों की तैनाती की गई है।
कोलकाता पुलिस में नए वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति
फेरबदल के तहत दीप नारायण गोस्वामी को कोलकाता पुलिस का अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एडिशनल सीपी) नियुक्त किया गया है। पदोन्नति प्राप्त करने वाले कुणाल अग्रवाल को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नीलांजन विश्वास को भी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है। बीरभूम के एसपी रहे सूर्य प्रताप यादव को पदोन्नत कर कोलकाता पुलिस का संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) नियुक्त किया गया है। वी.एस.आर. अनंतनाग को संयुक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन) तथा पुरुलिया के एसपी वैभव तिवारी को संयुक्त पुलिस आयुक्त (आर्म्ड पुलिस) बनाया गया है। वहीं, ज्वाइंट सीपी ट्रैफिक रूपेश कुमार को डीआईजी एसटीएफ की जिम्मेदारी दी गई है।
विभिन्न डिविजनों में नए डीसी
कोलकाता पुलिस के कई डिविजनों में नए उपायुक्त (डीसी) नियुक्त किए गए हैं। राहुल दे को साउथ डिविजन, प्रवीन प्रकाश को सेंट्रल डिविजन तथा पूर्व बर्दवान के निवर्तमान एसपी सायक दास को नॉर्थ डिविजन का उपायुक्त बनाया गया है। डायमंड हार्बर की एसपी ईशानी पाल को साउथ-वेस्ट डिविजन का डीसी नियुक्त किया गया है। सुबिमल पाल को ईस्टर्न सबअर्बन डिविजन (ईएसडी) तथा खंडबहाले उमेश गणपत को साउथ सबअर्बन डिविजन (एसएसडी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डिटेक्टिव विभाग में येल्वाड श्रीकांत जगन्नाथराव को डीसी (डीडी) और शैलजा दास को डीसी (डीडी स्पेशल) नियुक्त किया गया है। शिवा प्रसाद पात्रा को भांगड़ डिविजन, प्रदीप कुमार यादव को एसटीएफ, स्पर्शा नीलंगी को साइबर क्राइम शाखा तथा मनीष जोशी को ट्रैफिक विभाग का उपायुक्त बनाया गया है। बारूईपुर के निवर्तमान एसपी शुभेंद्र कुमार को वायरलेस शाखा का डीसी, दक्षिण दिनाजपुर के एसपी चिन्मय मित्तल को रिजर्व फोर्स (आरएफ) का डीसी तथा सिद्धार्थ ढपोला को कोलकाता आर्म्ड पुलिस की चौथी बटालियन का डीसी नियुक्त किया गया है।
जिलों में भी बदले गए कई एसपी
आईपीएस अधिकारी पुष्पा को पूर्व बर्दवान, डॉ. अरविंद कुमार आनंद को बारूईपुर, विदित राज भुंदेश को बीरभूम, वी.जी. सतीश पशुमार्थी को बांकुड़ा, कुमार शनि राज को पुरुलिया, डॉ. कुंवर भूषण सिंह को हुगली ग्रामीण, सुजाता कुमारी वीणापाणि को जलपाईगुड़ी, अमित वर्मा को हावड़ा ग्रामीण, अतुल वी को कृष्णानगर, जे मर्सी को बारासात, चंद्र शेखर वर्द्धन को डायमंड हार्बर तथा अभिषेक गुप्ता को दक्षिण दिनाजपुर का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, बांकुड़ा के निवर्तमान एसपी सौम्यदीप भट्टाचार्य को मालदह एसटीएफ का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।