

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पोस्ता थाना क्षेत्र के रवीन्द्र सरणी में भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने एक स्वर्ण कारीगर के बैग से करीब 17 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित कारीगर ने इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, हावड़ा के डोमजूड़ निवासी सुजीत दास (50) स्थानीय स्वर्ण कारीगर बापन कर के यहां काम करते हैं। वह डोमजूड़ से सोने के कुछ आभूषण लेकर कोलकाता आए थे। शाम करीब 6:30 बजे वह शरत बोस रोड स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से हीरे के नग लेकर निकले। इसके बाद वह मेट्रो से रवीन्द्र सरणी स्थित एक ज्वेलरी शोरूम जाने के लिए रवाना हुए।
भीड़ में बदमाशों ने घेरा, दुकान के बाहर खुला राज
शिकायत के मुताबिक, रात करीब 7:40 बजे जब सुजीत दास रवीन्द्र सरणी स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के पास पैदल गुजर रहे थे, तब सड़क पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान दो-तीन अज्ञात संदिग्ध उनके बेहद करीब आ गए और जेवरों के बारे में पूछताछ करने लगे। सुजीत ने उन्हें नजरअंदाज कर आगे बढ़ना ही उचित समझा। लेकिन जैसे ही वह अपने गंतव्य के सामने पहुंचे, उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि उनके साइड बैग की चेन खुली हुई थी और उसमें रखे कीमती आभूषण गायब थे।
पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों में एक सोने का नेकलेस, एक स्टिफ गोल्ड ब्रेसलेट, एक फ्लेक्सिबल गोल्ड ब्रेसलेट और एक जोड़ी कफलिंक शामिल हैं। 18 कैरेट शुद्धता वाले इन आभूषणों का कुल वजन लगभग 150 ग्राम है, जिसकी बाजार कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।