
कोलकाता : नकली सोने के गहने गिरवी रख कर जालसाजों ने एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये ठग लिये। इस संबंध में पीड़ित की पत्नी शंपा घोष ने पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2022 में चंदन घोष नाम के व्यक्ति की मुलाकात दीपक और महेंद्र नाम के दो व्यक्तियों से हुई थी। दोनों ने खुद को पेशे से सोनार बताया और चंदन घोष से कहा कि उन्हें तत्काल 11 लाख रुपये की जरूरत है। उन्होंने बदले में कुछ सोने के गहने लॉकेट और मंगलसूत्र गिरवी रखने की पेशकश की। चंदन घोष ने उनकी बातों में आकर 11 लाख रुपये की नकद राशि दे दी लेकिन कई महीनों के बाद भी जब ना तो दीपक और महेंद्र ने रकम वापस की और ना ही गिरवी रखे गए गहनों को वापस लेने आए, तो चंदन को संदेह हुआ। संदेह होने पर जब गिरवी रखे गए गहनों की जांच कराई गई, तो वे सभी नकली निकले। इसके बाद चंदन घोष की पत्नी शंपा घोष ने 24 जून को पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज करायी। मामले की जांच कर रही पुलिस अभियुक्तों की तलाश कर रही है।