पार्क स्ट्रीट के होटल में चल रहे अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश

बिहार व झारखंड के 11 आरोपी गिरफ्तार
ठगों के पास से बरामद मोबाइल
ठगों के पास से बरामद मोबाइल
Published on

सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों को लगाते थे चूना

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस ने मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ''डियर होटल'' में छापेमारी कर अंतरराज्यीय साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बिहार और झारखंड से ताल्लुक रखने वाले 11 शातिर ठगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुंदन कुमार दास (23), टिंकू दास (31), आशीष दास (18), सौरभ कुमार (18), दीपू कुमार दास (28), बादल दास (20) और अजय कुमार दास (29) शामिल हैं, जो बिहार के जमुई जिले के रहने वाले हैं। वहीं, अजीत कुमार दास (21) बिहार के ही चंद्रमंडी क्षेत्र का है। इसके अलावा झारखंड के देवघर जिले से राजेश दास (34), छोटू कुमार दास (27) और राजेश दास (32) को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के पास से 20 मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

फर्जी लिंक और APK फाइल के जरिए करते थे ठगी

पुलिस के अनुसार यह गिरोह निर्दोष लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर फोन करता था। खासतौर पर बिहार, बंगाल और झारखंड के लोगों को पीएम किसान योजना के तहत लाभ दिलाने का वादा करता था। इसके बाद मोबाइल पर टेलीग्राम के जरिए फर्जी लिंक और नुकसानदेह APK फाइलें भेजकर उनके फोन का रिमोट एक्सेस हासिल कर लेता था। इसके बाद वे आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर पीड़ितों के बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे।

इस बीच गुप्त सूचना के आधार पर पार्क स्ट्रीट थाने की टीम ने बुधवार की रात होटल में छापेमारी की। पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जब उनके मोबाइल फोन की जांच की गई, तो उसमें कई आपत्तिजनक टेलीग्राम मैसेज, APK फाइल लिंक और बैंक लेनदेन के इतिहास मिले। पार्क स्ट्रीट पुलिस ने आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जिसके तार पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में फैले हुए हैं। मामले की गहराई से जांच, ठगी की गई रकम की जानकारी जुटाने और अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गुरुवार को अभियुक्तों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 26 अगस्त तक पुलिस हिरात में भेज दिया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in