

कोलकाता : रवीन्द्र सरोवर थानांतर्गत गोलपार्क इलाके में दो गुटों के बीच हुई फायरिंग और बमबाजी मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम बॉबी हेला, अर्जुन मल्लिक, शेख बच्चू, मुकेश पासवान, रबीन दास, सुजन हाल्दार, राज हाल्दार, गोपाल सरकार, अजय हाल्दार और संदीप नस्कर हैं। ये सभी कसबा और रवीन्द्र सरोवर इलाके के रहनेवाले हैं। हालांकि, मुख्य अभियुक्त सोना पप्पू, बाबूसोना मंडल और उनके करीबी अभी फरार हैं। इधर, सोमवार को पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार ने कहा, ‘किसी को बख्शा नहीं जाएगा। पूरी रात तलाशी अभियान चला। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।’
दक्षिण कोलकाता के दो गिरोह हैं आमने-सामने, तीन एफआईआर दर्ज
रविवार की देर रात गोलपार्क के समीप पंचाननतला रोड पर हुई गोलीबारी और बमबाजी की घटना में दक्षिण कोलकाता के कुख्यात अपराधी सोना पप्पू के दाहिने हाथ माने जाने वाले बाबूसोना मंडल और विरोधी गुट के सट्टा संजू का नाम सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों गुटों के बीच टकराव बाबूसोना और सट्टा संजू के नेतृत्व में हुआ और वे सीधे तौर पर हिंसा में शामिल थे। सीसीटीवी और विभिन्न वीडियो फुटेज में इसकी पुष्टि होने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, बाबूसोना के खिलाफ सीधे तौर पर शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि जांच के दौरान सट्टा संजू का नाम सामने आया। वहीं, बाबूसोना के विरोधी गुट के बापी हालदार के खिलाफ भी शिकायत दर्ज हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रवींद्र सरोवर थाने में कुल तीन शिकायतें दर्ज की गई हैं। एक शिकायत कसबा के कुख्यात सोना पप्पू, उसके करीबी बाबूसोना और उनके साथियों के खिलाफ है। दूसरी शिकायत पंचाननतला के बापी हालदार और उसके लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है। तीसरी शिकायत पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज की है, जिसमें पंचाननतला इलाके में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप है।
जांच में पुलिस का दावा है कि विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन उसके उकसावे पर ही यह हिंसक झड़प हुई। इसके पीछे कसबा और रवींद्र सरोवर इलाके के दो सिंडिकेटों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सोना पप्पू और बापी हालदार के गुटों के बीच टकराव के चलते ही गोलीबारी और बमबाजी हुई। एक गुट ने दूसरे गुट पर कई राउंड फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
झड़प के दौरान युवक के पैर में लगी गोली
शनिवार रात हुई इस हिंसा में गणेश दास नामक युवक गोली लगने से घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गणेश दास ने पुलिस को बताया कि जब वह बाबूसोना और अन्य लोगों के नेतृत्व में पंचाननतला पहुंचा, तभी बापी हालदार और उसके लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। वहीं, संतन शर्मा नामक युवक ने पलटकर शिकायत दर्ज कराई है कि बाबूसोना और उसके साथी मिंटाई, शुभ, रॉनी, तारक, झोल तथा कसबा और काकुलिया के करीब 50 लोगों ने बेनुबन इलाके में आकर उन पर हमला किया। पहले ईंट और बोतलों से पथराव किया गया, फिर कम से कम दो राउंड गोलियां चलाई गईं। लाठी और लोहे की रॉड से स्थानीय निवासियों पर हमला किया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसके गले पर चॉपड़ रखकर उस पर वार किया, जिससे उसके दो साथी भी घायल हुए। पुलिस फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वालों की पहचान कर रही है।