डाइनिंग टेबल से गिरकर डेढ़ साल की बच्ची की मौत

गिरीश पार्क में मदन चटर्जी स्ट्रीट की घटना
डाइनिंग टेबल से गिरकर डेढ़ साल की बच्ची की मौत
Published on: 

कोलकाता : महानगर में घर के अंदर खेलते समय डाइनिंग टेबल से गिरकर एक डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गयी। घटना गिरीश पार्क थानांतर्गत मदन चटर्जी स्ट्रीट की है। मृतका का नाम प्राणशी सराफ (1साल 10 माह) है। घटना को लेकर गिरीश पार्क थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। बुधवार शाम यह घटना उस वक्त हुई जब वह अपने घर में अकेले खेल रही थी और खेलते-खेलते डाइनिंग टेबल पर चढ़ गयी थी। अचानक नीचे गिरने से उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। प्राणशी सराफ अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थी। उसके पिता नौकरी करते हैं। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर में मां और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। बच्ची अपने खेल में मस्त थी। किसी को भनक तक नहीं लगी कि वह कुर्सी खिसका कर डाइनिंग टेबल पर चढ़ गई है। अचानक नीचे गिरने के बाद उसके रोने की आवाज सुनकर घरवाले दौड़े आये और तुरंत उसे अस्पताल ले गये, लेकिन रास्ते में ही उसकी तबीयत बिगड़ती गयी। पुलिस ने इस घटना को लेकर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर के कोने-कोने में फैले हुए हैं उस नन्हीं बच्ची के खिलौने और कपड़े। लेकिन अब वह खुद नहीं है। मां के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। पिता और अन्य परिजन भी शोक में पत्थर हो गए हैं। पड़ोसी और जान-पहचान वाले भी इस हादसे को सुनकर स्तब्ध हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in