

रांची : झारखंड से राज्यसभा की 2 सीट पर चुनाव के लिए मतदान गुरुवार सुबह विधानसभा परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया।
2 सीट के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा शामिल हैं।
‘क्रॉस-वोटिंग’ की आशंकाओं के बीच विधानसभा परिसर में स्थापित एक मतदान केंद्र पर सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ और यह शाम चार बजे तक जारी रहेगा।
अधिकारी ने कहा, शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना शाम 5 बजे शुरू होने की उम्मीद है।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास 24 विधायक हैं, जो संसद के उच्च सदन में एक सीट सुरक्षित करने के लिए 81 सदस्यीय विधानसभा में आवश्यक न्यूनतम 28 प्रथम-वरीयता मतों से चार कम है।
JMM और कांग्रेस सहित सत्तारूढ़ गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के सदन में 56 सदस्य हैं।
JMM के बैद्यनाथ राम के आसानी से जीत हासिल करने की उम्मीद है क्योंकि राज्य विधानसभा में पार्टी के 34 सदस्य हैं।
‘इंडिया’ अन्य घटक दलों में कांग्रेस के पास 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पास चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के पास दो विधायक हैं।
सभी की निगाहें दूसरी सीट पर है, जिसमें कांग्रेस के झा और राजग समर्थित नाथवानी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
राजग के 24 विधायकों में BJP के 21 और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक विधायक शामिल हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है।
मतदान से पहले अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए सत्तारूढ़ और विपक्षी दोनों खेमों ने कोई कसर नहीं छोड़ी।
राजग विधायकों को मंगलवार को रांची के एक होटल में स्थानांतरित कर दिया गया था, जबकि सत्तारूढ़ गठबंधन ‘इंडिया’ क्रॉस-वोटिंग की आशंकाओं को खत्म करने के लिए अपने विधायकों के साथ बैठकें करने में व्यस्त रहा।
भाषा
खारी अमित
अमित
1806 0944 रांची
नननन
TAKE