

दुमका : झारखंड के दुमका जिले में प्रस्तावित कोयला खदान का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया, जिसमें कम से कम 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। यह घटना रविवार देर रात शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रदर्शनकारियों ने कोयला खदान के सर्वेक्षण दल के एक सदस्य को कथित तौर पर बंधक बना लिया है। इसके बाद पुलिस उसे छुड़ाने के लिए मौके पर पहुंची थी।
शिकारीपाड़ा थाने के प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया, इस झड़प में कम से कम 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से दो के सिर में चोटें आई हैं और उनका दुमका सदर अस्पताल में उपचार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा कोयला खदान के सर्वेक्षण दल के एक सदस्य को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में गई थी। जब पुलिस टीम सर्वेक्षण दल के सदस्य को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने पहुंची, तो झड़प शुरू हो गई। लकड़ा ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीजीसीएल) को दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में स्थित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोयला खदान आवंटित की गयी थी।
एचपीजीसीएल के महाप्रबंधक सागर सिंह मीणा ने बताया कि वे कोयला खदान में सर्वेक्षण का काम करने और ‘ग्राम सभा’ की बैठक में शामिल होने गए थे। मीणा को ही ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था।
बैठक के दौरान ग्रामीणों का एक समूह आक्रामक हो गया और उसने हमारे अधिकारियों पर हमला कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया। मीणा ने बताया, मुझे लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा गया। प्रदर्शनकारियों ने मुझे पानी से भरे एक गड्ढे में भी फेंक दिया। इसके बाद मैं बेहोश हो गया।
एक अधिकारी ने दावा किया कि सोमवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें एक सुनसान जगह पर पाया और अस्पताल पहुंचाया। दुमका के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिकेत सचान ने कहा, कोयला खदान के विकास के संबंध में ग्रामसभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान हंगामा शुरू हो गया और इसके बाद पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया।