एक करोड़ के गहने लूटकर बंगाल भाग गए थे लुटेरे, जमशेदपुर पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा

एक आरोपी फरार हो गया
दो बदमाश गिरफ्तार
दो बदमाश गिरफ्तार
Published on: 

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण कथित तौर पर लूटने के 2 आरोपियों को पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। बदमाशों ने 30 जून को 70 वर्षीय जौहरी अरुण कुमार नंदी के चाकुलिया स्थित घर से सोने के गहने और नकदी लूट ली थी और पश्चिम बंगाल की ओर भाग गए थे। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग की देखरेख में अनुमंडल पुलिस अधिकारी (घाटशिला) के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया, ताकि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बुधवार को गर्ग ने कहा कि टीम ने पश्चिम बंगाल के अपने समकक्षों के साथ झाड़ग्राम जिले में संयुक्त रूप से छापेमारी की और मंगलवार को जाम्बोनी थाने के तहत आने वाले पोरहाटी के बड़ा बंशोल के पास मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को रोकने की कोशिश की।

एसपी ने बताया कि पुलिस को देखकर तीनों ने मोटरसाइकिल छोड़कर भागने की कोशिश की लेकिन वे सफल नहीं हुए। पुलिस ने पीछा कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के मूल निवासी मोहम्मद रफीक और वर्तमान में झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में रह रहे निरंजन गौड़ के रूप में हुई है। एक आरोपी फरार हो गया।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से एक बैग में भरे कुल 1,340.720 ग्राम चोरी के आभूषण, अपराध में इस्तेमाल एक चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ में रफीक से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल एक देसी पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए। गर्ग ने बताया कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in