

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की रथ यात्रा शुक्रवार शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौसी बाड़ी में अपने वार्षिक नौ दिवसीय प्रवास के लिए रवाना होगी। धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर से भगवान के रथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे निकलेंगे।
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रथ यात्रा के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। गंगवार ने ‘एक्स’ पर लिखा, रथ यात्रा के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद इस शुभ यात्रा को सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति लाने वाली यात्रा बनाए। मुख्यमंत्री सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, भगवान जगन्नाथ सभी को अच्छे स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दें।
रांची प्रशासन ने रथ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। वर्ष 1691 में बरकागढ़ रियासत के ठाकुर ऐनी नाथ शाहदेव ने पुरी की तर्ज पर इस परंपरा की शुरुआत की थी।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस वर्ष रथ यात्रा उत्सव रांची में 27 जून से 5 जुलाई तक चलेगा। इस अवसर पर 10 दिवसीय मेला भी आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने मेले के दौरान प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।