

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर आज रांची पहुंचीं। वह एम्स देवघर तथा आईआईटी धनबाद के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। देवघर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुर्मू आईआईटी-आईएसएम, धनबाद में दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाली दूसरी राष्ट्रपति होंगी।
राष्ट्रपति आज एम्स देवघर के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और शुक्रवार को आईआईटी (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इससे पहले उन्होंने बुधवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एम्स-कल्याणी के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया था।
देवघर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत करने वालीं झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा, हमें झारखंड सरकार की ओर से देवघर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का हार्दिक स्वागत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। राज्यपाल संतोष गंगवार भी उपस्थित थे।
मंत्री ने कहा, राष्ट्रपति का देवभूमि देवघर आगमन पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। उनकी सादगी, संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देवघर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। देवघर हवाई अड्डे से एम्स तक के रास्ते पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।