

झारखंड के लोहरदगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आवासीय स्कूल के हॉस्टल में सो रही चार छात्राओं को एक जहरीले सांप ने डस लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राएं जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं। यह पूरी घटना कुडू थाना क्षेत्र के समसिरा हायर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल की है, जहां इस घटना के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।
सांप के काटने के बाद हॉस्टल और स्कूल प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी पीड़ित छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, घायल छात्राओं में से एक का इलाज लोहरदगा के सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरी छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया गया है। वहीं, तीसरी छात्रा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हॉस्टल परिसर में सुरक्षा और रखरखाव को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोहरदगा के इस आवासीय स्कूल में यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब चारों छात्राएं हॉस्टल के एक ही कमरे में जमीन पर सो रही थीं, तभी एक जहरीले सांप ने एक-एक कर चारों को डस लिया। दर्द से कराहने के बाद जब छात्राओं ने कमरे की लाइट जलाई, तो सामने सांप को फन फैलाए खड़ा देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर हॉस्टल की अन्य छात्राएं और स्टाफ मौके पर दौड़े, जहां चारों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। आनंद-फानन में एक शिक्षक सभी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन दुर्भाग्यवश नवा टोली की रहने वाली 12 साल की मासूम छात्रा वर्षा उरांव को डॉक्टर नहीं बचा सके और उसने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी तीन छात्राओं का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्प्ताल पहुंचे परिजनः
घटना की खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर चारों छात्राओं के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुडू पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।