बिहार-यूपी आओ ठाकरे, तुमको पटक-पटक कर मारेंगे : निशिकांत

मनसे नेता राज ठाकरे के ‘मारो लेकिन वीडियो मत बनाओ’ बयान पर भड़के निशिकांत दूबे
Nishikant Dube
Nishikant Dube
Published on

नई दिल्ली : महाराष्ट्र में भाषा को लेकर हो रही राजनीति के बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) नेता राज ठाकरे को आड़े हाथों लिया। राज ठाकरे के ‘मारो लेकिन वीडियो मत बनाओ’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि आप अपने घर महाराष्ट्र में अगर बहुत बड़े बॉस हो तो चलो बिहार, चलो यूपी, चलो तमिलनाडु, तुमको पटक-पटक कर मारेंगे। उन्होंने कहा कि अगर आप ज्यादा हिम्मती हैं, हिंदी बोलने वालों को मारते हैं तो उर्दू भाषी, तमिल, तेलुगु बोलने वालों को भी मारो। आपकी यह हरकत घटिया है। उन्होंने कहा कि हमलोग मराठी का सम्मान करते हैं। हम शिवाजी महाराज, तात्या टोपे, तिलक, लाजपत राय का सम्मान करते हैं। हमारा गुस्सा उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की करतूतों का प्रतिकार है। 

दरअसल, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने 'मराठी एकता' पर शनिवार यानी 5 जून को मुंबई के वर्ली सभागार में 'मराठी विजय रैली' की थी। रैली में राज ठाकरे ने कार्यकर्ताओं से कहा था कि अगर आप किसी को पीटते हैं, तो वीडियो न बनाएं। दोनों ने 48 मिनट तक हिंदी-मराठी भाषा विवाद, मुंबई-महाराष्ट्र, भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

इधर, महाराष्ट्र भाजपा ने निशिकांत के बयान से दूरी बना ली है। राज्य सरकार के मंत्री आशीष शेलार ने साफ कहा कि मराठी समाज की उपलब्धियों पर कोई सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की पहली नौसेना से लेकर दुनिया की पहली फिल्म बनाने तक, मराठी लोगों का योगदान गर्व की बात है। उन्होंने यह भी दोहराया कि भाजपा मराठी समाज के हित में काम कर रही है, साथ ही किसी अन्य भाषा-भाषी के साथ अन्याय नहीं होने देगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in