

रांची : झारखंड में ‘काला जादू’ करने के संदेह में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके बाद उसके शव को जला दिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि यह हत्या 1 फरवरी को रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तलाडीह गांव में हुई।
अधिकारी ने बताया कि तीन फरवरी को पोस्टमार्टम जांच में गोली लगने का घाव पाए जाने के बाद पीड़ित के एक करीबी रिश्तेदार सहित 6 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान एतवारी कुमारी के रूप में हुई है।
SP (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने कहा, "हमने उसके बहनोई सोनाराम लोहरा (35) समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। लोहरा को शक था कि वह काला जादू करती थी और उसी का इस्तेमाल करके उसने उसके दो बच्चों की हत्या की।
पुलिस के मुताबिक, सोनाराम ने उसकी हत्या की योजना बनाई और अपने बहनोई अमित लोहरा (24) से सलाह ली, जिसने उसकी मदद की। एसपी ने बताया कि अमित ने फिर शूटर विष्णु महतो (20) को काम पर रखा और उसे दो लाख रुपये दिए।
पुलिस ने बताया, उस शाम वे कुमारी के घर में घुस गए और विष्णु महतो ने महिला की गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने शव को आग लगा दी, ताकि गोली के निशान मिटा दिए जाएं और यह लगे कि पीड़िता की मौत जलने से हुई है।