झारखंड : जगंली हाथी ने किसान को कुचला, विरोध में ग्रामीणों ने किया राजमार्ग जाम

अधिकारियों ने दिया कार्रवाई करने का आश्वासन
जगंली हाथी
जगंली हाथी
Published on: 

लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले में जंगली हाथी ने 30 वर्षीय व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध में बुधवार को लोहरदगा शहर में कचहरी मोड़ के पास सड़क को जाम कर दिया, जिससे रांची-राउरकेला राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया।

उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार रात की है जब सागीर अली अपने धान के खेत में काम करके घर लौट रहा था। जिले के कैरो थाना क्षेत्र के हनहट गांव निवासी अली पर एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह शव बरामद होने के बाद बड़ी संख्या में एक ग्रामीण उसे लोहरदगा के सदर अस्पताल ले आए और कचहरी मोड़ पर धरना दिया, जिससे रांची-राउरकेला राजमार्ग पर एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों ने वन विभाग के कथित लापरवाह रवैये के खिलाफ प्रदर्शन किया। अनुमंडल अधिकारी अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी आशुतोष और सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर मौके पर गए और ग्रामीणों को विरोध प्रदर्शन समाप्त करने के लिए मनाया।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि हाथियों का एक झुंड जिले के कैरो प्रखंड में पिछले बीस दिनों से फसलों, घरों और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है जिससे इलाके में भय का माहौल है। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News